खराब रिजल्ट को लेकर भड़का छात्राओं का आक्रोश, जबरदस्त प्रदर्शन


सतना: मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में छात्राओं ने गर्ल्स कॉलेज के बाहर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। खराब रिजल्ट को लेकर उनका गुस्सा इस कदर भड़का कि कॉलेज के गेट पर ताला जड़ दिया गया। इसी कड़ी में 6 सूत्रीय मांगों को लेकर छात्राओं ने कॉलेज के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इस प्रदर्शन के दौरान कॉलेज परिसर में सैकड़ों छात्राएं लगभग डेढ़ घंटे तक फंसी रहीं। छात्राओं के सड़क पर बैठ जाने से स्टेशन रोड से जिला अस्पताल को जाने वाला रास्ता भी जाम हो गया। सूचना मिलने पर एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह और सिटी कोतवाली टीआई रावेंद्र द्विवेदी सहित महिला पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

उन्होंने जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन छात्राएं प्रदर्शन जारी रखे रहीं। प्रदर्शन के दौरान मुख्य गेट पर तालाबंदी के कारण सैकड़ों छात्राएं करीब डेढ़ घंटे तक कॉलेज परिसर में ही फंसी रहीं। जब पुलिस द्वारा छात्र नेताओं से चाबी मांगी गई और नहीं दी गई, तो मजबूरन पुलिस ने ताला तोड़कर मुख्य गेट खोला।
छात्र नेता आकांक्षा गौतम ने बताया कि प्रबंधन की लापरवाही के कारण प्रथम वर्ष की 80 प्रतिशत छात्राओं का रिजल्ट खराब आया, जिसकी आज तक जांच नहीं की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कॉलेज परिसर में आवारा तत्व घुस आते हैं और सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। इसके अलावा, वॉशरूम में सफाई न होने से छात्राओं को परेशानी होती है।
  ज्ञापन देने पर अड़ी रहीं छात्राएं
काफी देर तक एसडीएम और सीएसपी ने छात्राओं को समझाने का प्रयास किया। एसडीएम के मांगों का ज्ञापन मांगे जाने पर छात्राएं प्राचार्य को ही ज्ञापन सौंपने की जिद पर अड़ी रहीं। लगभग दो घंटे तक प्रशासन और छात्राओं के बीच बहस चलती रही। इस दौरान एसडीएम ने बताया कि प्राचार्य अवकाश पर हैं। लिहाजा प्रशासन से आश्वासन मिलने के बाद छात्राओं ने ज्ञापन सौंपकर अपना प्रदर्शन समाप्त किया।
 इनका कहना है
“छात्राओं द्वारा रिजल्ट के संबंध में कुछ समस्या बताई गई. इसके अलावा उन्होंने महाविद्यालय में कुछ सुविधाओं की कमी भी बताई. महाविद्यालय प्रशासन से बात करके जल्द से जल्द इनकी समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा.”
राहुल सिलाडिया एसडीएम सिटी सतना

Next Post

हाथ की नस काट की आत्महत्या की कोशश, अस्पताल में उपचार जारी

Wed Dec 3 , 2025
सतना: कोलगवां थाना क्षेत्र की नई बस्ती में सोमवार देर रात एक युवती ने हाथ की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद परिजनों ने उसे गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।परिजनों के […]

You May Like