
मंडला. पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में कुल 07 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 3.5 लाख बताई गई है।
थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से संदिग्धों के संबंध में गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर पकड़े गए आरोपियों ने मंडला एवं आसपास के क्षेत्रों से त्योहारों और विसर्जन के दौरान कई मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई सभी 07 मोटरसाइकिलों को बरामद कर लिया है।
पकड़े गए आरोपी :
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो तिलक वार्ड और जेल घाट क्षेत्र के निवासी हैं। इन आरोपियोंमें ऋषि यादव पुत्र महेन्द्र यादव, 20 वर्ष निवासी तिलक वार्ड, मंडला, ईशान खान पुत्र रज्जाक खान 21 वर्ष, निवासी तिलक वार्ड, मंडला, फरदीन खान पुत्र अहसान खान 23 वर्ष, निवासी जेल घाट, मंडला को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास 3.5 लाख रूपए की हीरो ग्लैमर, हीरो स्प्लेंडर, हीरो सीडी डिलक्स, होंडा शाइन, हीरो एचएफ डिलक्स, हीरो फैशन प्रो, हीरो स्प्लेंडर मोटरसाईकिलें बरामद की है।
