सीहोर। शहर के चाणक्यपुरी स्थित हिमांशु गार्डन के समीप एक सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोर लाखों रुपये के जेवरात एवं नकदी चोरी कर ले गए. घटना की जानकारी उस समय लगी जब मकान मालिक परिवार सहित इंदौर से वापस लौटा. सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मामला जांच में लिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार चाणक्यपुरी हिमांशु गार्डन के समीप रहने वाले ट्रेवल्स संचालक विकास मालवीय विक्की की पत्नी की इंदौर में डिलीवरी होना थी. इसी कारण विकास मालवीय अपने माता-पिता के साथ 6 जून की रात इंदौर चले गए थे. उनके घर पर ताला लगा हुआ था. इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया और मुख्य दरवाजे का कुंदा उखाड़कर अंदर प्रवेश कर गए. बताया जाता है कि विकास मालवीय का परिवार 7 जून की देर रात इंदौर से वापस लौटा. जब उन्होंने घर का ताला खोलने का प्रयास किया तो दरवाजे का कुंदा टूटा हुआ दिखाई दिया. अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने अंदर झांककर देखा तो घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था. कमरों में रखी अलमारियों की दराजें खुली हुई थीं. यह देखकर उनके होश उड़ गए.
घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई. मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने घर का निरीक्षण किया और किसी भी सामान को हाथ न लगाने की सलाह देते हुए सुबह पुन: जांच करने की बात कही. सोमवार दोपहर पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए. पीडि़त परिवार के अनुसार चोर घर के दो कमरों में रखी अलमारियों की तलाशी लेकर दराजों में रखे मंगलसूत्र, सोने-चांदी के अन्य जेवरात तथा करीब छह हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए. चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत का आंकलन किया जा रहा है. घटना के बाद क्षेत्र के रहवासियों में दहशत का माहौल है. लोगों का कहना है कि चोरी की घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है.
करोली माता मंदिर की दानपेटी तोड़कर नगदी ले उड़े
शहर स्थित करोली माता मंदिर में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया. बदमाश मंदिर परिसर में रखी दानपेटी से नगदी लेकर फरार हो गए. घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. जानकारी के अनुसार, रात के समय एक व्यक्ति मंदिर परिसर में प्रवेश करता दिखाई दिया. सीसीटीवी फुटेज में वह दानपेटी को खोलने का प्रयास करता नजर आ रहा है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बदमाश दानपेटी तथा मंदिर का कुछ अन्य सामान अपने साथ ले गया. सुबह मंदिर पहुंचे पुजारी और श्रद्धालुओं को घटना की जानकारी लगी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस द्वारा की गई जांच के दौरान मंदिर से कुछ दूरी पर स्थित ईंट भट्टे के पास दानपेटी कटी हुई और खाली अवस्था में मिली. आशंका है कि बदमाश दानपेटी में रखी नगदी निकालकर उसे वहीं छोड़ गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर संदिग्ध की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं.
नाकाम कोशिश, घर वालों के जागने पर भागे बदमाश
शहर की अवधपुरी स्थित माधव स्टेट कॉलोनी में रविवार देर रात चोरी की एक कोशिश नाकाम हो गई. जानकारी के अनुसार रात करीब 3 बजे अज्ञात चोर एक मकान में घुसने की नीयत से पहुंचे. बदमाशों ने घर का मुख्य गेट कूदकर अंदर प्रवेश किया और गेट का लॉक तोडऩे का प्रयास करने लगे. इसी दौरान घर के अंदर मौजूद परिजनों की नींद खुल गई। घर में हलचल होते देख चोर घबरा गए और मौके से भाग निकले. घटना में किसी प्रकार का सामान चोरी नहीं हुआ. मकान मालिक भूपेंद्र बागबैया ने बताया कि रात में संदिग्ध गतिविधि की आवाज सुनाई देने पर परिवार के सदस्य जाग गए, जिसके बाद बदमाश भाग निकले.
