
उज्जैन। पुत्र की शादी से 10 दिन पहले सडक़ दुर्घटना में मंगलवार बुधवार रात पिता की मौत हो गई। घटनाक्रम की जानकारी परिवार को मिलते ही शादियों की खुशियां मातम में बदल गई। पिता शादी की पत्रिका बांट कर वापस लौट रहे थे, रास्ते में अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। बुधवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है।
नरवर के ग्राम करछली में रहने वाले कालूराम पिता आत्माराम बाघेला 52 साल के पुत्र अभिषेक का 28 फरवरी को विवाह होना है। 22 फरवरी को माता पूजन था। कालूराम पत्रिका बांटने के लिए बडऩगर गया हुआ था। रात में वापस लौटते समय रत्नाखेड़ी और मंगरोला के बीच अज्ञात चार पहिया वाहन ने कालूराम की बाइक को टक्कर मारी और कुचल दिया। मौके पर ही कालूराम की मौत हो गई। पुलिस सूचना मिलने पर दुर्घटना स्थल पहुंची, शव चरक अस्पताल पहुंचाया गया। कालूराम के पास मिले मोबाइल और पत्रिका के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। रात में ही परिवार अस्पताल पहुंच गया था। सुबह पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया। शादी की खुशियों के बीच परिवार के मुखिया की हुई दुर्घटना में मौत से मातम छा गया था। परिवार बिलखता दिखाई दिया। गांव में भी माहौल गमगीन हो गया था। पुलिस ने दुर्घटना के बाद मौके से फरार हुए वाहन की तलाश शुरू की है।
