रकुल प्रीत सिंह ने कहा कि कलाकारों को सोशल मीडिया के शोर से दूरी बनाकर रखनी चाहिए, क्योंकि हर कमेंट को गंभीरता से लेने से मानसिक स्थिति और काम प्रभावित हो सकते हैं।
बॉलीवुड एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। ऐसे में एक्ट्रेस को कई बार ऑनलाइन ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता है। वहीं, एक्ट्रेस ने एक इंटरव्यू में ऑनलाइन ट्रोलिंग पर बात की, साथ ही उन्होंने अपनी बेबाक राय रखी। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया के प्रभाव और उससे दूरी बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया।
रकुल प्रीत सिंह ने कहा कि एक कलाकार के लिए यह बहुत जरूरी है कि वह सोशल मीडिया पर चल रहे शोर और लगातार आने वाली प्रतिक्रियाओं से खुद को अलग रखना सीखे। अगर कोई कलाकार इंटरनेट पर लिखी हर बात को दिल से लगाने लगे, तो उसका असर उसके काम और मानसिक स्थिति दोनों पर पड़ सकता है। ऐसे में जरूरी है कि उनको अपनी ऊर्जा अपने काम पर लगानी चाहिए।
रकुल प्रीत सिंह का अनुभव
रकुल ने अपने अनुभव शेयर करते हुए कहा कि जब मैंने अपने करियर की शुरुआत की थी, तब सोशल मीडिया इतना व्यापक नहीं था। उस समय कलाकारों को आज की तरह तुरंत प्रतिक्रिया नहीं मिलती थी, जिससे मानसिक दबाव भी कम रहता था। उस दौर में आलोचना और चर्चा का तरीका अलग था, जबकि आज के समय में हर व्यक्ति अपनी राय तुरंत और मुखर होकर सोशल मीडिया पर व्यक्त करता है।
सोशल मीडिया का इस्तेमाल
उन्होंने आगे कहा कि कोरोना महामारी के बाद सोशल मीडिया का इस्तेमाल काफी बढ़ गया है। पिछले कुछ सालों में लोगों के पास ज्यादा समय था। इसका असर यह हुआ कि अब हर विषय पर लोगों की राय बहुत तेजी से सामने आती है और कलाकारों को लगातार आलोचना और टिप्पणियों का सामना करना पड़ता है। रकुल प्रीत सिंह ने कहा कि एक कलाकार को इस शोर से खुद को दूर रखना चाहिए।
सोशल मीडिया से दूरी बनाना
रकुल प्रीत सिंह ने आगे कहा कि मानसिक रूप से मजबूत रहना आज के समय में कलाकारों के लिए बहुत जरूरी है। मुझे लगता है कि हर कलाकारों को अपने चारों ओर एक दीवार बनानी चाहिए, ताकि बाहरी नकारात्मकता सीधे उनके काम पर असर न डाल सके। कभी-कभी सोशल मीडिया से दूरी बनाना और ब्लाइंडर्स लगाकर सिर्फ अपने काम पर ध्यान देना ही सही तरीका होता है।
