विमान ईंधन की कीमत 5.74 प्रतिशत बढ़ी, महंगा हो सकता है हवाई सफर

नयी दिल्ली, 01 मार्च (वार्ता) तेल विपणन कंपनियों ने लगातार दो बार की कटौती के बाद रविवार से विमान ईंधन की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी की है।

देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली में आज से विमान ईंधन की कीमत 5,245 रुपये (5.74 प्रतिशत) बढ़कर 96,638 रुपये प्रति किलोलीटर हो गयी है। यह दिसंबर 2025 के बाद का उच्चतम स्तर है।

इससे पहले जनवरी और फरवरी में दाम घटाये गये थे। दोनों बार में कीमत में कुल 8,283 रुपये की कटौती की गयी थी जो 9.06 प्रतिशत के बराबर है।

विमान ईंधन के दाम बढ़ने से हवाई सफर महंगा हो सकता है। फ्लाइट के टिकट की कीमत में ईंधन का शुल्क भी शामिल होता है। विमान सेवा कंपनियों के कुल व्यय का लगभग 35-40 प्रतिशत इसी मद में खर्च होता है। पहले से ही दबाव में चल रही विमान सेवा कंपनियों के ईंधन की बढ़ी लागत का बोझ सीधे यात्रियों पर डालने की संभावना है।

देश के दूसरे शहरों में भी विमान ईंधन महंगा हुआ है। कोलकाता में इसकी कीमत 5.44 फीसदी बढ़कर 99,587 रुपये और मुंबई में 5.82 प्रतिशत बढ़कर 90,452 रुपये प्रति किलोलीटर पर पहुंच गयी है।

चेन्नई में इस साल पहली बार विमान ईंधन एक लाख रुपये प्रति किलोलीटर के पार पहुंच गया। आज से इसकी कीमत में 5.80 प्रतिशत की वृद्धि की गयी है और अब यह 1,00,280 रुपये प्रति किलोलीटर का मिलेगा।

तेल विपणन कंपनियां हर महीने विमान ईंधन की कीमतों की समीक्षा करती हैं और नयी कीमतें हर महीने की पहली तारीख से लागू की जाती हैं।

 

Next Post

इजरायल-ईरान जंग की जद में आई पीवी सिंधु…दुबई एयरपोर्ट पर घंटो से फंसी, सोशल मीडिया पर बताया कैसे हैं हालात

Sun Mar 1 , 2026
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण बैडमिंटन और अन्य खेलों के शेड्यूल पर असर पड़ा है, जिससे पीवी सिंधु और भारतीय बास्केटबॉल टीम जैसे खिलाड़ी प्रभावित हो रहे हैं। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालातों ने खेलों की दुनिया को भी प्रभावित किया है। अमेरिका और […]

You May Like