
विदिशा। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर ग्राम पिपलानी पहुंचे, जहां सामूहिक विवाह सम्मेलन में शामिल होकर नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने खुद को बेटियों का मामा बताते हुए हर नवविवाहित जोड़े की बेटियों को 11-11 हजार रुपये सप्रेम भेंट देने की घोषणा की, साथ ही विवाह शुल्क के रूप में ली गई राशि भी लौटाने की बात कही।
कार्यक्रम में भावुक होते हुए उन्होंने बेटियों के सुखी जीवन की कामना की और कहा कि जरूरत पड़ने पर वे हमेशा साथ खड़े रहेंगे। इस दौरान उन्होंने आत्मनिर्भरता के लिए सिलाई मशीनें देने की भी घोषणा की।
दौरे में उन्होंने विदिशा क्षेत्र के कई गांवों में लगभग 40 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें धार्मिक स्थल विकास, स्कूलों में कक्ष निर्माण और सीप नदी पर पुल निर्माण शामिल है, जिससे करीब 15 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा।
