नयी दिल्ली, (वार्ता) दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने 11 और 12 जून की रात दक्षिण दिल्ली में हुई मुठभेड़ के बाद दो ऐसे अपराधियों को गिरफ़्तार किया है। पकड़े गये अपराधियों पर 50-50 हज़ार रुपये का इनाम था और जो गाज़ियाबाद पुलिस को अपहरण और हत्या के एक मामले में वांछित थे।
मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी और उन्हें पुलिस सुरक्षा में अस्पताल ले जाया गया। विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध) एच.जी.एस. धालीवाल ने बताया कि इस अभियान में बेहतरीन योजना , शानदार तालमेल और असाधारण व्यावसायिकता देखने को मिला, जिससे संदिग्धों के पास पुलिस की पकड़ से बचने का कोई मौका नहीं बचा।
उन्होंने कहा कि हथियारों के स्रोत और आरोपियों की मदद करने वाले आपराधिक नेटवर्क की आगे की जांच चल रही है। अपराध शाखा के अनुसार, एक टीम को खास जानकारी मिली थी कि दो संदिग्ध दिल्ली में घुस आए हैं और पुरानी रंजिश के चलते किसी और हिंसक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में एक विशेष टीम बनाई गई और दक्षिण दिल्ली में मालवीय नगर स्थित अरबिंदो कॉलेज के पास निगरानी रखी गई।
पुलिस ने बताया कि दोनों लोग रात करीब दो बजे मोटरसाइकिल पर दिखे और उन्हें रुकने के लिए कहा गया। हालांकि, उन्होंने भागने की कोशिश की और सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल से पुलिस टीम पर गोली चला दी। गोलीबारी के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त सतेंद्र मोहन की बुलेट-प्रूफ जैकेट ने गोली का असर झेल लिया, जिससे अधिकारी को कोई चोट नहीं आई। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि उनके पास से इटली में बनी एक .32 बोर बेरेटा सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, एक .30 बोर सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, चार ज़िंदा कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गयी है। आरोपियों की पहचान सौरभ उर्फ भोला उर्फ प्रिंस (25) और गोपाल (23) के तौर पर हुई है, जो उत्तर प्रदेश के गाज़ियाबाद ज़िले के लोनी के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों कई दिनों से गिरफ़्तारी से बच रहे थे और गाज़ियाबाद पुलिस द्वारा जांच किए जा रहे अपहरण और हत्या के एक सनसनीखेज मामले में वांछित थे। दिल्ली पुलिस ने कहा कि इस अभियान से दिल्ली से चोरी हुई एक मोटरसाइकिल भी बरामद करने में मदद मिली। अत्याधुनिक हथियारों के स्रोत का पता लगाने और आरोपियों से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।
