इंदौर: डाक सेवाओं को लोगों के घर-घर तक पहुंचाने और स्पीड पोस्ट तथा पार्सल नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए भारतीय डाक विभाग ने इंदौर डाक मंडल में फ्रेंचाइजी देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. विभाग ने इच्छुक व्यक्तियों और संस्थाओं से 25 जून तक आवेदन आमंत्रित किए हैं.डाक विभाग का मानना है कि ई-कॉमर्स और ऑनलाइन व्यापार के बढ़ते दायरे के बीच स्पीड पोस्ट एवं पार्सल सेवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है.
ऐसे में फ्रेंचाइजी के माध्यम से इन सेवाओं का विस्तार कर आम नागरिकों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी. प्रवर अधीक्षक डाकघर, इंदौर मंडल के अनुसार फ्रेंचाइजी के लिए आवेदक के पास उपयुक्त कार्यस्थल, कंप्यूटर संचालन का मूलभूत ज्ञान तथा ग्राहकों के साथ समन्वय स्थापित करने की क्षमता होना आवश्यक है. चयनित आवेदकों को डाक विभाग के निर्धारित नियमों और शर्तों के तहत सेवाओं का संचालन करना होगा.
स्वरोजगार के अवसर सृजित होंगे
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इस योजना से न केवल डाक सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर भी सृजित होंगे. खासकर ऐसे क्षेत्रों में, जहां डाक सेवाओं की मांग अधिक है, वहां फ्रेंचाइजी मॉडल उपयोगी साबित हो सकता है. फ्रेंचाइजी योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी और आवेदन पत्र निकटतम प्रधान डाकघर, उप डाकघर अथवा प्रवर अधीक्षक डाकघर, इंदौर मंडल कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं.
