गणतंत्र दिवस पर भूटान के भारतीय वाणिज्य दूतावास में भव्य समारोह

फुएंटशोलिंग 30 जनवरी (वार्ता) भूटान के फुएंटशोलिंग स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने गुरुवार को 76वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य राष्ट्रीय दिवस स्वागत समारोह का आयोजन किया।
इस कार्यक्रम की मुख्य विशेषता भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद द्वारा प्रायोजित एक शानदार कथक नृत्य और संगीतमय प्रस्तुति रही, जिसने उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जो भारतीय संस्कृति में शुभता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। इसके पश्चात गणेश आरती के साथ कथक नृत्य की प्रस्तुति आरंभ हुई, जो भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपरा को दर्शाती है। इस दौरान कलाकारों ने विभिन्न भावपूर्ण नृत्य और संगीतमय रचनाओं के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक धरोहर का अद्भुत प्रदर्शन किया।
इस विशेष अवसर पर भूटान से अनेक प्रतिष्ठित अतिथि उपस्थित रहे, जिनमें चुखा जिले के डेशो डुगपा कर्म जुगनी, डेशो थ्रोम्पोन, डेशो सीनियर ड्रुंगपा सहित रॉयल गवर्नमेंट ऑफ भूटान और 19 बआरटएफ के वरिष्ठ अधिकारी इंडिया भूटान फ्रेंडशिप एसोसिएसन के शामिल थे। उन्होंने भारत की सांस्कृतिक विरासत की इस झलक की सराहना की और दोनों देशों के बीच मित्रता एवं सांस्कृतिक सहयोग को और सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी अजीत कुमार ने इस अवसर पर भारत और भूटान के मधुर संबंधों को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत और भूटान के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध सदियों पुराने हैं। इस प्रकार के आयोजन हमारे संबंधों को और गहराई प्रदान करते हैं तथा दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करते हैं।
यह समारोह भारतीय गणतंत्र की गौरवशाली यात्रा को दर्शाने के साथ-साथ भारत-भूटान संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
इस कार्यक्रम में भारतीय राजदूत आवास के ऊपर काउंसलर भूपेंद्र कुमार,हेम ,गुरु चरण, आदि उपस्थित थे।

Next Post

जापान में भारी हिमपात का अनुमान

Thu Jan 30 , 2025
टोक्यो, 30 जनवरी (वार्ता) जापान के पूर्वी क्षेत्रों में जारी शीत लहरों के तेज होने और बादल पर दबाव के बढ़ने के कारण शुक्रवार को भारी हिमपात होने के आसार हैं। जापान के मौसम विभाग के अनुसार जापान के उत्तरी और पूर्वी क्षेत्र में जारी शीत लहरें और तेज हो […]

You May Like