चितरंगी : जनपद पंचायत चितरंगी अंतर्गत ग्राम पंचायत कुलकवार के लेदपुरवा से कुलकवार को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। मामूली बारिश के बाद ही सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढों में पानी भर गया है और पूरी सड़क कीचड़ में तब्दील हो गई है। इससे पैदल राहगीरों, बाइक सवारों, किसानों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि अभी बारिश का मौसम पूरी तरह शुरू भी नहीं हुआ है, फिर भी सड़क की यह स्थिति निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर रही है। यह मार्ग आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है, लेकिन बदहाल सड़क के कारण हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शीघ्र सड़क की मरम्मत एवं स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि बरसात के दौरान आवागमन सुचारु और सुरक्षित बना रहे।
