सिंगरौली: नगर निगम क्षेत्र के इंदिरा चौक नवजीवन विहार से तेलगवां मार्ग का करीब चार करोड़ रुपये का टेंडर जारी होने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।वर्षों से जर्जर सड़क पर आवागमन की समस्या झेल रहे वार्डवासियों ने अब प्रशासन की प्रतीक्षा छोड़ स्वयं सड़क सुधार का बीड़ा उठा लिया है। वार्ड पार्षद प्रेमसागर मिश्रा के नेतृत्व में स्थानीय नागरिकों ने आपसी सहयोग से चंदा एकत्रित कर सड़क को समतल और आवागमन योग्य बनाने का कार्य शुरू कर दिया है।
लोगों का कहना है कि कई बार अधिकारियों का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर दिलाया गया, लेकिन टेंडर जारी होने के बावजूद निर्माण एजेंसी ने काम शुरू नहीं किया। मजबूरी में जनता को खुद सड़क की मरम्मत करनी पड़ रही है। पार्षद प्रेमसागर मिश्रा ने कहा कि यदि समय रहते निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाता तो लोगों को यह जिम्मेदारी अपने हाथ में नहीं लेनी पड़ती। स्थानीय नागरिकों ने शासन-प्रशासन से तत्काल स्थायी सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो एनटीपीसी गेट के सामने उग्र धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
