सिंगरौली:जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण देवसर क्षेत्र स्थित सजहर-खाखन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है और नदी उफान पर आ गई है। नदी के तेज बहाव एवं बढ़ते जलस्तर के कारण सीधी-सिंगरौली एनएच-39 पर वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ है। लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में स्थिति पर प्रशासन द्वारा सतत निगरानी भी रखी जा रही है।
जनसुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा आमजन से सतर्कता बरतने की अपील की गई है। नागरिकों से कहा गया है कि नदी-नालों के आसपास जाने तथा जलमग्न अथवा तेज बहाव वाले स्थानों को पार करने का जोखिम न उठाएं। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें तथा प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
सिंगरौली-सीधी आवागमन हेतु यातायात को सुचारू बनाए रखने एवं किसी भी अप्रिय स्थिति से बचाव के लिए वाहनों की श्रेणी के अनुसार वैकल्पिक डायवर्जन मार्ग निर्धारित किए गए हैं। बस सेवा एवं सामान्य यात्री वाहनों के लिए बैढ़न से सीधी जाने वाली बसें बड़ोखर/बरगवां से गिधेर, खड़ौरा एवं देवसर बाजार/चितरंगी तिराहा होते हुए सीधी की ओर जाएंगी। वहीं सीधी से बैढ़न आने वाली बसें चितरंगी तिराहा (जियावन के बगल से) होकर खड़ौरा, गिधेर एवं बइहवा/बरगवां मार्ग से बैढ़न पहुंचेंगी।
कार, दोपहिया एवं अन्य छोटे वाहनों के लिए बैढ़न से सीधी जाने हेतु झुरही, पुरानी देवसर, लोहरा, ढोगा एवं जियावनडांड मार्ग निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार सीधी से बैढ़न की ओर आने वाले छोटे वाहन जियावनडांड से ढोगा, लोहरा, पुरानी देवसर एवं झुरही होकर बैढ़न की ओर आ सकेंगे।
भारी वाहनों के लिए बैढ़न से सीधी की ओर जाने वाले वाहन मोरवा/बरगवां से चितरंगी एवं कर्थुआ मार्ग से होकर जाएंगे। वहीं सीधी से बैढ़न आने वाले भारी वाहनों के लिए कर्थुआ से चितरंगी होते हुए मोरवा/बरगवां मार्ग निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे असुविधा एवं दुर्घटना से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक डायवर्जन मार्गों का ही उपयोग करें तथा नदी एवं तेज बहाव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें।
