सिंगरौली: जिले के नवानगर थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद पाठक के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर को पीड़िता ने नवानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके पति के साथ एसी मरम्मत का काम करने वाले परिचित दिनेश कुमार वर्मा, निवासी इटमा ने उसके साथ दुष्कर्म किया और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(m) एवं 353(3) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस ने आरोपी दिनेश कुमार वर्मा (39), पिता दादेराम वर्मा, निवासी ग्राम इटमा, थाना नवानगर, को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल बैढ़न में चिकित्सकीय परीक्षण कराया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय बैढ़न में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल पचौर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सूर्यपाल सिंह, प्रधान आरक्षक जगदीश तिवारी एवं बृजेंद्र यादव, आरक्षक सौरभ सिंह, प्रशांत सिंह बघेल, विकास तोमर तथा महिला आरक्षक प्रियंका मिश्रा की सराहनीय भूमिका रही।
