सिंगरौली। शारदीय नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज के.एम. ने निगाही स्थित मां दुर्गा पूजा पंडाल एवं मेला परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुर्गा पूजा आयोजन, रामलीला मंचन, श्रद्धालुओं की आवाजाही तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर हेमंत कुमार, थाना प्रभारी नवानगर राजेंद्र पाठक सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक ने मेला परिसर में भीड़ प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास मार्ग, यातायात नियंत्रण और पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने रामलीला मंचन के दौरान दर्शकों के बैठने की समुचित व्यवस्था, मंच के आसपास सुरक्षा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा आपातकालीन निकास मार्गों को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सीसीटीवी निगरानी और अग्निशमन उपकरणों सहित आवश्यक सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
निरीक्षण के दौरान महिलाओं, बालिकाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क निगरानी रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करने और शिकायत मिलने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने आयोजन समिति के पदाधिकारियों और उपस्थित नागरिकों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर आयोजन संपन्न कराने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए सतर्कता, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी पर जोर दिया। पुलिस प्रशासन द्वारा जिले के प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों, मेला स्थलों, रामलीला आयोजनों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में गश्त एवं सुरक्षा निगरानी की जा रही है। आमजन से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने तथा शांति, अनुशासन और सामाजिक सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की गई।
