अंधी लूट का पर्दाफाश: 1.22 लाख की नकदी और बाइक के साथ तीन बदमाश चढ़े पुलिस के हत्थे

सिवनी। सिवनी जिले के लखनवाड़ा थाना क्षेत्र में हुई अंधी लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम, एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक सतीश कुमार मेहता के अनुसार फरियादी शिवकुमार वर्मा (42) निवासी ललितपुर (ढाना) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7:30 बजे वह अपने पिता के साथ गेहूं बिक्री के 1.40 लाख रुपये लेकर घर लौट रहे थे। ग्राम कोहका के आगे मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने हमला कर मारपीट की और नकदी लूटकर फरार हो गए।

मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर 25 अप्रैल को चौरई बायपास क्षेत्र में घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों में संदीप बघेल (30), अभय उर्फ गब्बर (19) और रोहित उर्फ विक्की (23) शामिल हैं। इनके पास से लूट की राशि में से 1 लाख 22 हजार रुपये, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, चोरी और हत्या के प्रयास जैसे मामले दर्ज हैं। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Next Post

​मुरैना में नए युग की शुरुआत: TSS इंटरनेशनल स्कूल में सैनिक स्कूल का भव्य शुभारंभ

Sun Apr 26 , 2026
मुरैना। जिला मुख्यालय स्थित टीएसएस इंटरनेशनल स्कूल परिसर में करार के आधार पर नए सैनिक स्कूल का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जितेंद्र कुमार माहेश्वरी ने कहा कि अब मुरैना के छात्र सेना में शीर्ष पदों तक पहुंच सकेंगे। उन्होंने कहा कि चंबल की वीर भूमि मुरैना […]

You May Like