
मुरैना। जिला मुख्यालय स्थित टीएसएस इंटरनेशनल स्कूल परिसर में करार के आधार पर नए सैनिक स्कूल का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जितेंद्र कुमार माहेश्वरी ने कहा कि अब मुरैना के छात्र सेना में शीर्ष पदों तक पहुंच सकेंगे।
उन्होंने कहा कि चंबल की वीर भूमि मुरैना से बड़ी संख्या में युवा सेना में भर्ती होते रहे हैं, लेकिन अब तक अधिकांश लोग सूबेदार और मेजर पद तक ही पहुंच पाते थे। सैनिक स्कूल के प्रारंभ होने से यहां के छात्रों के लिए उच्च सैन्य पदों तक पहुंचने का मार्ग प्रशस्त होगा।
मुख्य अतिथि ने कहा कि वर्तमान में उपेंद्र द्विवेदी और दिनेश कुमार त्रिपाठी जैसे शीर्ष सैन्य अधिकारी मध्यप्रदेश के सैनिक स्कूल से शिक्षित हैं, जो प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के डॉ. चंद्रपाल सिंह सिकरवार ऑडिटोरियम में किया गया। इस दौरान विशेष सत्र एवं जिला न्यायाधीश हितेंद्र द्विवेदी और रमेश सिंह सिकरवार सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया और विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। मुख्य अतिथि ने शिलान्यास पट्टिका का लोकार्पण कर सैनिक स्कूल का विधिवत शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि 1972 के बाद से मुरैना में सैनिक स्कूल की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हुई है। उन्होंने राष्ट्रभक्ति और वीरता के महत्व को रेखांकित करते हुए छात्रों को प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
