नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (वार्ता) दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ज्यूरिख जाने वाली स्विस इंटरनेशनल एयर लाइन्स की एक उड़ान को रविवार तड़के उड़ान भरने (टेक-ऑफ) से ठीक पहले रुकने के लिए मजबूर होना पड़ा। विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी आने के बाद पूर्ण आपातकालीन प्रतिक्रिया शुरू की गयी। यह घटना रात लगभग 1:25 बजे के तुरंत बाद हुई, जब एयरबस ए330-300 संचालित उड़ान एसडब्लूआर146 रनवे 28 से उड़ान भरने के लिए गति पकड़ रही थी। अधिकारियों के अनुसार, कॉकपिट क्रू ने इंजन में खराबी का पता लगाया और तुरंत टेक-ऑफ की प्रक्रिया को रोक दिया। साथ ही, ग्राउंड अधिकारियों को सतर्क किया और अग्निशमन सहायता मांगी। विमान के एक तरफ धुएं के निशान और लैंडिंग गियर क्षेत्र के आसपास आग की लपटों की रिपोर्ट के बाद कुछ ही मिनटों में पूर्ण आपातकाल घोषित कर दिया गया, जिससे सुरक्षा कार्यों के लिए रनवे को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। एहतियात के तौर पर विमान में सवार सभी 245 व्यक्तियों (232 यात्री और 13 चालक दल के सदस्य) को आपातकालीन स्लाइड का उपयोग कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन निकासी प्रक्रिया के दौरान चार यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें चिकित्सा उपचार के लिए ले जाया गया। एयरलाइन अधिकारियों ने बताया कि चालक दल के एक सदस्य को भी मामूली चोट आई है। यात्रियों ने टेक-ऑफ रुकने के दौरान तनावपूर्ण पलों को याद किया। एक यात्री ने बताया कि गति पकड़ने के दौरान एक तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आग की लपटें दिखाई दीं, जिससे पायलटों को विमान रोकने के लिए मजबूर होना पड़ा। थोड़े अंतराल के बाद निकासी शुरू हुई और यात्री आपातकालीन कर्मियों की देखरेख में रनवे पर बाहर निकले।
विमान शनिवार देर रात ज्यूरिख से दिल्ली पहुंचा था और अपनी वापसी यात्रा की तैयारी कर रहा था, तभी यह घटना हुई। हवाई अड्डा अधिकारियों ने कहा कि आकस्मिक उपाय तेजी से सक्रिय किये गये, जिसमें परिचालन की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए रखरखाव के अधीन एक वैकल्पिक रनवे को फिर से खोलना शामिल था। प्रभावित रनवे को साफ कर दिया गया और दो घंटे से कुछ अधिक समय बाद फिर से बहाल कर दिया गया। एक बयान में, स्विस इंटरनेशनल एयर लाइन्स ने पुष्टि की कि इंजन से संबंधित समस्या के कारण टेक-ऑफ रद्द कर दिया गया था और स्थिति का आकलन करने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। एयरलाइन ने आगे कहा कि प्रभावित यात्रियों को तत्काल सहायता प्रदान की गयी, जिसमें होटल में ठहरने और वैकल्पिक उड़ानों पर रीबुकिंग शामिल है।
दिल्ली हवाई अड्डे के अधिकारियों ने कहा कि सभी आपातकालीन प्रोटोकॉल का प्रक्रिया के अनुसार पालन किया गया । तकनीकी खराबी के सटीक कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

