जबलपुर: साइबर अपराधी ने एक रिटायर्ड सरकारी अधिकारी को अपना शिकार बना मोबाइल हैंग होने और सॉफ्टवेयर अपडेट के बहाने बुजुर्ग के बैंक खाते से 3,78,765 पार कर दिए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी अनुसार पंजाब बैंक कॉलोनी निवासी गोविंद पचौरी वर्ष 2016 में ग्रामोद्योग विभाग से सीनियर इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनका पेंशन बचत खाता स्टेट बैंक ऑफ की मिलौनीगंज शाखा में है। 2 मई को उनका मोबाइल अचानक हैंग होने लगा और स्क्रीन पर मोबाइल अपडेट लिखा आने लगा।
उन्होंने रसल चौक की एक दुकान पर इसे दिखाया, जहां दुकानदार ने फोन ठीक कर दिया। 3 मई को वे भोपाल में एक शादी में गए। वहां फिर से फोन हैंग होने लगा और अपडेट का विकल्प आया। इस बार पीडि़त ने खुद ही स्क्रीन पर क्लिक कर फोन अपडेट कर दिया। यहीं पर जालसाजों ने उनके फोन का एक्सेस ले लिया। 9 मई को जबलपुर लौटने के बाद जब फोन लगातार हैंग हो रहा था, तो उन्होंने शांति नगर निवासी अपने परिचित राहुल कोष्टा को मोबाइल दिखाया। राहुल ने फोन चेक करते ही बताया कि आपके खाते से यूपीआई के जरिए किसी को पैसे भेजे गए हैं। पीडि़त यह सुनकर दंग रह गए क्योंकि वे अपने फोन में फोनपे या कोई अन्य यूपीआई ऐप इस्तेमाल ही नहीं करते थे।
ऐप डाउनलोड कर 5 किश्तों में उड़ाई रकम
जांच करने पर पता चला कि साइबर ठगों ने पीडि़त के मोबाइल पर फर्जी व्हाट्सएप और नवी ऐप इंस्टॉल कर लिया था। इसके जरिए आरोपियों ने 5 अलग-अलग किश्तों में कुल 3,78,765 निकाल लिए। एसबीआई बैंक की ओर से पैसे कटने का कोई अलर्ट या एसएमएस भी पीडि़त को नहीं मिला, जिससे उन्हें भनक तक नहीं लगी। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बैंक स्टेटमेंट और साइबर सेल की मदद से उस डिजिटल एड्रेस और बैंक खातों का पता लगा रही है, जिनमें यह रकम ट्रांसफर की गई है।
