देश का डीप-सी एक्सप्लोरेशन कार्यक्रम तेजी से आगे बढ़ रहा : जितेंद्र सिंह

नयी दिल्ली, 10 नवंबर (वार्ता) केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि भारत का डीप-सी एक्सप्लोरेशन कार्यक्रम तेजी से आगे बढ़ रहा है और स्वदेशी मानवयुक्त पनडुब्बी ‘मत्स्य-6000’ के विकास से समुद्र की गहराइयों में अनुसंधान की देश की क्षमता मजबूत होगी।

डॉ. सिंह ने मंगलवार को पृथ्वी प्रणाली विज्ञान परिषद (ईएसएससी) की दूसरी आम बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि भारत-फ्रांस सहयोग के तहत गहरे समुद्र में 4,025 मीटर और 5,002 मीटर की गहराई तक सफल अभियान पूरे किये गये हैं। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और महत्वपूर्ण उपलब्धियों को इस तरह प्रस्तुत किया जाना चाहिए, जिससे आम नागरिक उनके महत्व और उपयोगिता को समझ सकें। इसके लिए वैज्ञानिक संस्थानों की संचार टीमों के बीच बेहतर समन्वय, मीडिया से नियमित संवाद और रचनात्मक माध्यमों के इस्तेमाल की जरूरत है।

उन्होंने ध्रुवीय और ठोस पृथ्वी विज्ञान के क्षेत्र में अनुसंधान को गति देने के लिए मिशन मोड में काम करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने एनसीपीओआर की 45वें भारतीय अंटार्कटिक अभियान में 95 सदस्यों की भागीदारी, 16वें भारतीय आर्कटिक अभियान और हिमालय में ग्लेशियरों की निगरानी सहित उपलब्धियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ध्रुवीय क्षेत्रों, ग्लेशियरों की गतिशीलता, समुद्र-वायुमंडल के आपसी संबंधों और कार्बन चक्र पर अनुसंधान जलवायु परिवर्तन को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने सभी संस्थानों को वैज्ञानिक उपलब्धियों को समाज के लिए अधिक उपयोगी बनाने और उनके परिणामों को व्यापक स्तर पर साझा करने का आह्वान किया।

बैठक में ईएसएससी के पांच संस्थानों- राष्ट्रीय महासागर प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईओटी), भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (आईएनसीओआईएस), राष्ट्रीय पृथ्वी विज्ञान अध्ययन केंद्र (एनसीईएसएस), भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) और राष्ट्रीय ध्रुवीय एवं महासागर अनुसंधान केंद्र (एनसीपीओआर) की वर्ष 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट और लेखा परीक्षित खातों की समीक्षा की गयी।

 

 

Next Post

श्री अन्नकूट महा महोत्सव बड़ी ही धूमधाम से मनाया गया

Tue Nov 10 , 2026
दमोह. प्रतिवर्ष अनुसार श्री गौर राधा रमन मंदिर दमोह में श्री अन्नकूट महा महोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया।जिसमें ठाकुर जी को छप्पन भोग एवं महा आरती दोपहर लगभग 1ः30 बजे की गई।इस कार्यक्रम में हजारों की तादाद में श्रद्धालु भक्त उपस्थित हुए कार्यक्रम में है हरिनाम संकीर्तन गिरिराज जी […]

You May Like