छात्रावास में चूल्हा जलाकर भोजन बना रहीं छात्राएं

सतना : कड़ी निगरानी के आभाव में व्यवस्था का तकाजा कुछ ऐसा होता जा रहा है कि जब तक डंडे के जोर पर हांका न जाए तब तब जिम्मेदारों के कान नहीं खड़े होते. छात्रावास में रहकर अध्ययन कर रही छात्राओं को यदि अपने-अपने घर से राशन लाकर लकड़ी जलाते हुए भोजन बनाना पड़ेगा तो फिर भला वे अपनी पढ़ाई कैसे पूरी कर पाएंगी. गनीमत रही कि इस अव्यवस्था से जुड़ा वीडियो वाइरल होने पर प्रशासन ने सक्रियता दिखाई और जिम्मेदारों से जवाब तलब करते हुए कार्रवाई की बात कही.
मैहर जिले में स्थित वीरांगना रानी दुर्गावती कन्या छात्रावास का एक वीडियो गुरुवार को जमकर वाइरल हुआ.

दरअसल यह वीडियो उक्त छात्रावास में रहने वाली छात्राओं द्वारा जारी किया गया था. वीडियों में छात्राओं ने अपनी व्यथा स्पष्ट तौर पर बताते दिखाते हुए व्यवस्था को दुरुस्त किए जाने की मांग की. वीडियो के जरिए छात्राओं ने बताया कि पिछले 2 महीने से छात्रावास में भोजन की व्यवस्था उपलब्ध नहीं है. जिसके चलते उन्हें लकड़ी जलाकर चूल्हे पर भोजन बनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है. इतना ही नहीं बल्कि कई बार तो उन्हें राशन भी अपने-अपने घरों से लाना पड़ता है. जिसके चलते उनका पूरा समय भोजन की व्यवस्था करने में निकल जाता है, और उनकी पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित होती है. यह वीडियो सोशल मीडिया में वाइरल होते ही प्रशासनिक अमले के बीच हडक़ंप मच गया और आनन-फानन में मामले से संबंधित जानकारी तलब की जाने लगी.
दोषी मिलने पर होगी कार्रवाई
इस संबंध में कलेक्टर मैहर विदिशा मुखर्जी का कहना है कि मामले को संज्ञान में लेते हुए छात्रावास की वार्डंन के विरुद्ध नोटिस जारी कर दी गई है. इसमें यदि जिला ट्राइबल ऑफिसर कमलेश शुक्ला दोषी पाए जाते हैं तो उनके विरुद्ध भी कार्रवाई होगी. इसी कड़ी में जिला पंचायत सीईओ शैलेंद्र सिंह ने बताया कि संबंधित छात्रा से वीडियो कॉल के जरिए मामले की जानकारी ली गई है. छात्रावास के वार्डन को नोटिस जारी किया जा चुका र्है. जबकि इस समूचे मामले में लीपापोती का प्रयास करते नजर आए जिला ट्राइबल अधिकारी कमलेश शुक्ला का कहना है कि छात्राओं के लिए भोजन की व्यवस्था करा दी गई है. छात्रावास की व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

सीएम डॉ यादव ने चौधरी चरण सिंह को किया नमन, केंद्रीय मंत्री मुरुगन को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

Fri May 29 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने महान किसान नेता, स्वतंत्रता सेनानी और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि चौधरी चरण सिंह का संपूर्ण जीवन किसान कल्याण, ग्रामीण भारत के पुनरुत्थान और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के […]

You May Like