रतलाम: जिले के नामली थाना परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार एक व्यक्ति ने हवालात के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोपी के खिलाफ उसकी ही 16 वर्षीय बेटी ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने बुधवार शाम एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था और रात में हवालात में बंद किया गया।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे तक आरोपी सीसीटीवी फुटेज में सामान्य स्थिति में बैठा दिखाई दे रहा था। सुबह लगभग 4 बजे बंदी गृह के इंचार्ज नारायण जादौन ने कैमरे चेक किए तो वह फांसी के फंदे पर लटका मिला। मौके पर पहुंचकर देखा गया कि उसने पानी के पाइप से लोअर के नाड़े के सहारे फांसी लगाई थी।
सूचना मिलते ही एसडीओपी किशोर पाटनवाला, डीएसपी अजय सारवान, एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल और एसडीएम विवेक सोनकर मौके पर पहुंचे। मामले की मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा होने की बात कह रही है।
