
झाबुआ। नगर में डोल ग्यारस पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। श्री राधाकृष्ण सरकार मंदिर में सुबह पूजन-अभिषेक के बाद सायं शोभायात्रा निकाली गई, जो बहादुर सागर तालाब पहुंचकर जल स्थान व आरती के बाद मंदिर लौटी। भक्तजन ढोल-नृत्य के साथ शामिल हुए। मंहत अजय व मनीष बैरागी ने बताया कि यह पर्व आस्था और भक्ति का प्रतीक है। वहीं दशा नीमा समाज ने श्री चारभुजानाथ मंदिर से चल समारोह निकाला, जिसमें झांकियां और महिला सशक्तिकरण पर विशेष प्रस्तुति रही। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए तालाब पहुंची। इसी तरह सोनी समाज ने श्री मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार मंदिर और माहेश्वरी समाज ने श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर से डोल यात्रा निकाली। बारिश के बावजूद सभी समाजों की सहभागिता से नगर धार्मिक उत्साह से सराबोर रहा।
