
सीधी। शहर के समीपी टर्री क्षेत्र में मंगलवार दोपहर 3 बाईक सवारों के साथ बेरहमी से मारपीट करते हुए 4 अज्ञात लोगों ने लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया गया। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना दोपहर करीब 3 बजे उस समय हुई जब करण पाल निवासी ग्राम महाराजपुर, बृजवासी पाल ग्राम खजुरी और राजेंद्र पाल तीनों बाइक से महाराजपुर से सीधी की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे टर्री के पास पहुंचे अचानक चार अज्ञात हमलावरों ने उनकी बाइक को रोका और मारपीट शुरू कर दी। घायल राजेंद्र पाल ने बताया कि हमलावरों ने पहले तीनों को पीटा, फिर उनके पास रखी नकदी और मोबाइल फोन लूट लिए। घटना के बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए। मारपीट में तीनों को गंभीर चोटें आई हैं, विशेषकर सिर और हाथों में चोटें हैं। घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया जहां उनका उपचार जारी है।अस्पताल पुलिस चौकी में पदस्थ आरपी मांझी ने बताया कि घायल अवस्था में तीनों युवक अस्पताल लाए गए हैं। उनकी शिकायत दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
