जबलपुर: लार्डगंज थाना अंतर्गत पुष्पनगर कछपुरा में एक महिला सिर्फ 15 मिनट के लिए घर के दरवाजे पर बिना ताला लगाए सिर्फ कुंडी चढ़ाकर बाहर गई थी। इतने में शातिर चोर ने पलक झपकते ही घर के अंदर दाखिल होकर आलमारी का लॉकर तोड़ा और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात सहित नगदी समेटकर रफूचक्कर हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, पुष्पनगर कछपुरा निवासी आरती दाहिया (42) यादव कॉलोनी में मकान का किराया देने गई थीं। घर से निकलते समय उन्होंने दरवाजे पर ताला नहीं लगाया था, सिर्फ कुंडी बंद की थी। करीब 15 मिनट बाद जब वह वापस लौटीं, तो कुंडी वैसी ही लगी मिली। अंदर जाने पर सामान भी व्यवस्थित था, जिससे उन्हें जरा भी शक नहीं हुआ। चोरी का खुलासा तब हुआ जब आरती के पति अजय दाहिया ने फोन कर कहा कि घर पर मिस्त्री आ रहा है, उसे पैसे दे देना।
भुगतान करने के लिए आरती ने जैसे ही आलमारी खोली, उनके होश उड़ गए। आलमारी का मुख्य लॉक खुला हुआ था और अंदर का लॉकर बेरहमी से टूटा पड़ा था। पीड़िता ने जब लॉकर के अंदर देखा तो उसमें रखे सारे कीमती जेवरात और नगदी गायब थे। चोर ने नकद 50,000 रुपये सोने का एक हार, छह अंगूठियां, एक चेन, पांच बाले, और दो लोंग, चांदी की पायल और बिछिया पर हाथ साफ किया।
