यमन ने रियाल की कीमत 1,800 प्रति डॉलर पर पहुंचने के बाद मूल्य नियंत्रण लागू की

अदन, यमन, 03 अगस्त (वार्ता) यमन के सरकारी नियंत्रण वाले क्षेत्रों में स्थानीय मुद्रा रियाल की स्थिति में सुधार आया है और शनिवार को उसकी कीमत 1,800 प्रति अमेरिकी डॉलर हो गयी। दो सप्ताह पहले रियाल की कीमत लगभग 2,900 प्रति डॉलर के स्तर पर पहुंच गयी थी। इसके बाद अधिकारियों ने देशव्यापी मूल्य नियंत्रण लागू कर दिया था।

यमन के बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े सूत्रों ने मुद्रा सुधार की पुष्टि की है और कहा है कि नागरिकों में खाद्य पदार्थों की कम कीमतों की उम्मीद जगी है। अदन स्थित यमन के केंद्रीय बैंक ने दरों में हेरफेर के आरोप में 24 विनिमय फर्मों के लाइसेंस रद्द कर और निगरानी कड़ी करके इस बदलाव को गति दी है। इसके बाद यमन के प्रधानमंत्री सलेम बिन बुराइक ने उद्योग एवं व्यापार मंत्रालय को सरकार द्वारा नियंत्रित प्रांतों में वस्तुओं के मूल्य नियंत्रण लागू करने के लिए निरीक्षण दल बनाने का आदेश दिया।

सरकारी समाचार एजेंसी सबा ने श्री बिन बुराइक के हवाले से कहा, “मुद्रा विनिमय दर में किसी भी सुधार के साथ-साथ बुनियादी वस्तुओं, खासकर प्रमुख व्यापारियों और आपूर्तिकर्ताओं द्वारा विदेशी मुद्रा में आयात की जाने वाली वस्तुओं की कीमतों में भी कमी आनी चाहिए।” उन्होंने कीमतों को समायोजित न करने वाले व्यापारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी।

गौरतलब है कि यमन कई वर्षों से गृहयुद्ध से जूझ रहा है और संयुक्त राष्ट्र के अनुसार संघर्ष ने यमन में दुनिया के सबसे बुरे मानवीय संकटों में से एक को जन्म दिया है। स्थानीय मुद्रा का मूल्य कम होने से मुद्रास्फीति को बढ़ावा मिला था, जिससे जनता की मुश्किलें और बढ़ गई थीं।

 

 

Next Post

पाकिस्तान में पुलिस चौकी पर आतंकी हमला, एक पुलिसकर्मी और दो आतंकवादी मारे गये

Sun Aug 3 , 2025
इस्लामाबाद, 3 अगस्त (वार्ता) पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में रविवार तड़के एक पुलिस चौकी पर आतंकवादियों के हमले में एक पुलिसकर्मी और दो आतंकवादी मारे गए तथा चार पुलिस अधिकारी घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह घटना स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 2:30 बजे प्रांत के […]

You May Like