
बैतूल। बैतूल पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है जो फर्जी पहचान पत्र बनाकर लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देता था। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में आरोपी राजीव सिंह, निवासी नागपुर (महाराष्ट्र), को 2.20 लाख रुपए की ठगी के मामले में पकड़ा गया है।
फरियादी राम सिंह सिकरवार निवासी शोभापुर ने बताया कि आरोपी ने उसके पुत्र को नागपुर की एक कंपनी में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर पैसे लिए और फिर मोबाइल बंद कर फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना पर आरोपी को खैरवानी जोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी से दो फर्जी वोटर आईडी, दो फर्जी रोजगार अधिकारी आईडी कार्ड, तीन मोबाइल फोन और 10,000 रुपए नकद बरामद किए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह फर्जी आईडी बनाकर लोगों से ठगी करता था। पुलिस को संदेह है कि उसने अन्य जिलों में भी इसी तरह के अपराध किए हैं, जिसकी जांच जारी है।
आरोपी को 30 अक्टूबर को अदालत में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने नागरिकों से अपील की है कि नौकरी, लोन या आर्थिक लेनदेन के मामलों में बिना सत्यापन किसी पर भरोसा न करें और संदिग्ध मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
