
सिंगरौली। होनहार बिरवान के होत चिकने पात कहावत को जिला मुख्यालय बैढ़न के नौगई निवासी युवा सुमित कुमार शाह ने सच कर दिखाया है। संघ लोक सेवा आयोग यूपीएससी की घोषित परीक्षा परिणाम में सुमित कुमार शाह ने 746वीं रैंक हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे सिंगरौली जिले को गौरवान्वित किया है। जैसे ही परिणाम की जानकारी सामने आई, क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई और परिजनों, मित्रों व शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी।
सुमित कुमार की प्रारंभिक शिक्षा जिला मुख्यालय स्थित सरस्वती विद्यालय बैढ़न में हुई। वे बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं। कक्षा 12वीं की परीक्षा में उन्होंने 96.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए भोपाल का रुख किया और वहां से बी-टेक की पढ़ाई पूरी की। स्नातक की पढ़ाई के बाद सुमित कुमार ने भोपाल की एक निजी कंपनी वेदांत में करीब एक वर्ष तक नौकरी की। हालांकि उनके मन में प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य था, इसलिए उन्होंने नौकरी के साथ ही यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी। लगातार प्रयास और कड़ी मेहनत के बल पर उन्होंने पांचवें प्रयास में यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल कर ली।
पिता एवं भाई हैं व्यवसायी
27 वर्षीय सुमित कुमार के पिता विष्णु प्रसाद शाह कचनी में महिंद्रा ट्रैक्टर की एजेंसी के साथ सरिया-सीमेंट का व्यवसाय करते हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। उनके बड़े भाई पारिवारिक व्यवसाय में सहयोग करते हैं और बहन घरेलू जिम्मेदारियां संभालती हैं। सुमित अपने भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं। अपनी इस उपलब्धि पर सुमित कुमार ने सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, भाई और गुरुजनों को दिया है। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग और मार्गदर्शन से ही यह मुकाम हासिल हो सका है। सुमित की इस सफलता से जिले के युवाओं को भी नई प्रेरणा मिली है और हर कोई उनकी इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहा है।
