जबलपुर: कृषि अधिकारियों ने विकासखंड कुण्डम के अंतर्गत हरिओम कृषि केन्द्र, अमूल्य कृषि केन्द्र, दिनेश ट्रेडर्स, किसान कृषि सेवा केंद्र, गुप्ता कीटनाशक भण्डार में छापेमार कर दी। खरीफ फसलों धान एवं मक्का के बीजों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए संग्रहित किये।नियमों का उल्लंघन, गड़बडिय़ां मिलने पर तीन आदान विक्रेताओं को नोटिस भी जारी किए गए ।
उप संचालक कृषि उमेश कुमार कटहरे ने बताया कि अनुविभागीय कृषि अधिकारी प्रतिभा सिंह गौर के नेतृत्व में किये गये निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ कृषि आदान प्रतिष्ठानों द्वारा ऐसे उर्वरक एवं बीजों का विक्रय का किया जा रहा था जिनका प्रिसिंपल सर्टिफिकेट संबंधित लाइसेंस में दर्ज नहीं था, जो कि नियमों का उल्लंघन है।
इन अनियमितताओं के कारण कल्याण कृषि केंद्र, वेद कृषि केंद्र एवं राघव कृषि केंद्र को कारण बताओ नोटिस जारी कर उन्हें निर्धारित समयावधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये हैं। निरीक्षण दल में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कुण्डम एल पी उइके, कृषि विस्तार अधिकारी डॉ सनी ठाकुर तथा प्रांजलि वर्मा भी शामिल रहे।
