
जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद की आयोजित बैठक में हंगामा और आंतरिक विवाद ने माहौल तनावपूर्ण बना दिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा उठाए गए 19 सूत्रीय मांगों के समाधान नहीं होने के विरोध में छात्रों के प्रदर्शन के बीच कार्यपरिषद के कई सदस्य बैठक से वॉकआउट कर गए। इससे बैठक अपने निर्धारित एजेंडे पर आगे नहीं बढ़ सकी। बैठक के दौरान विश्वविद्यालय के ऑनलाइन सेंटर प्रभारी आर.के. गुप्ता और कार्यपरिषद सदस्य वेदप्रकाश तिवारी के बीच तीखी बहस हुई, जो ‘तू-तू, मैं-मैं’ तक पहुंच गई। एक अन्य विभाग की विभागाध्यक्ष ने भी कंप्यूटर सॉफ्टवेयर और अन्य सुविधाओं की अनुपलब्धता पर आपत्ति जताई। बैठक का माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि कई सदस्यों ने वॉकआउट किया। कुलगुरु ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन उनका आक्रोश शांत नहीं हुआ।
डिग्री, मार्कशीट के लिए भटकना पड़ता
विद्यार्थी परिषद का आरोप है कि विश्वविद्यालय में छात्रों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है। डिग्री, मार्कशीट और अन्य शैक्षणिक दस्तावेजों के लिए छात्रों को बार-बार भटकना पड़ता है। परीक्षा आयोजन और परिणामों की घोषणा में अनावश्यक विलंब शैक्षणिक सत्र को प्रभावित कर रहे हैं। परिषद ने कहा कि प्रशासनिक समन्वय की कमी और निर्णय लेने में देरी विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली को प्रभावित कर रही है।
ये रहे मौजूद
प्रदर्शन में केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य माखन शर्मा, महानगर मंत्री आर्यन पुंज, प्रांत सह मंत्री अनमोल सोनकर, ऐश्वर्य सोनकर, शोभित मिश्रा, अक्षत ताम्रकार, भास्कर पटेल, प्रफुल तिवारी, दिव्यांक पचौरी, लखन मांझी, आशुतोष पटेल, आयुष बारी, कृष्ण ग्वालवंश, यश पटेल, आयुष पटेल, अंकित सिंह, पुष्कर शुक्ला, सोम यादव आदि उपस्थित रहे।
