सुलतानपुर, 20 मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के जयसिंहपुर क्षेत्र में 19/20 मई की रात पुलिस ने एक सशस्त्र मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी गैंगस्टर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि सेमरी रोड पर हालापुर के पास बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान एक ट्रक अत्यंत तीव्र गति से आई और बैरियर पर नहीं रुकी और आगे बढ़ गई। संदिग्ध होने पर ट्रक का पुलिस ने पीछा किया। कुछ दूर आगे जाने पर ट्रक में बैठे व्यक्ति ने पुलिस टीम पर फायर कर दी। आत्मरक्षार्थ के लिए पुलिस टीम ने भी फायर किया, जिसमें वह व्यक्ति घायल हो गया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम विनोद यादव निवासी ग्राम ख्वाजापुर, थाना खुटहन, जनपद जौनपुर बताया।
पुलिस ने बताया कि बदमाश से पूछताछ में यह तथ्य भी संज्ञान में आया है कि उसके ऊपर कुल पांच मुकदमे हैं, जिसमें से तीन गोकशी के मुकदमे हैं और वह गैंगस्टर एक्ट के मुलजिम भी है और उसमें वांछित है। उस पर पूर्व में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। विगत कुछ दिन पूर्व थाना जयसिंहपुर में गोकशी की घटना में भी उसकी संलिप्तता प्रकाश में आई हुई है। उसने यह स्वीकार किया गया है कि इस ट्रक का प्रयोग वह गोकशी की घटनाओं में भी करता है। उसके पास से एक तमंचा.315 बोर का और एक जिंदा कारतूस भी मिला है।
