भोपाल। आगामी अगस्त माह में आयोजित होने वाले आकार वीडियो टेक फिल्म फेस्टिवल 2026 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आयोजकों ने देशभर के फिल्म निर्माताओं से तीन प्रतियोगी श्रेणियों में अपनी फिल्में भेजने का आह्वान किया है।
फेस्टिवल के आयोजकों के अनुसार फीचर फिल्म श्रेणी में 30 मिनट से 120 मिनट अवधि की फिल्में भेजी जा सकती हैं। वहीं शॉर्ट फिल्म श्रेणी के लिए 5 मिनट से 40 मिनट तक की फिल्में पात्र होंगी। डॉक्यूमेंट्री श्रेणी में 5 मिनट से 20 मिनट अवधि की फिल्मों को शामिल किया जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि फिल्म महोत्सव का उद्देश्य उभरते और स्थापित फिल्मकारों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंच बनाने का मंच उपलब्ध कराना है। महोत्सव में स्वतंत्र फिल्म निर्माताओं, प्रोडक्शन हाउसों और मीडिया विद्यार्थियों की भागीदारी की उम्मीद जताई गई है।
फिल्म फेस्टिवल 2026 के लिए प्रविष्टियां भेजने की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। चयनित फिल्मों का प्रदर्शन अगस्त में आयोजित होने वाले महोत्सव के दौरान किया जाएगा, जिससे प्रतिभागियों को पहचान बनाने और फिल्म एवं मीडिया जगत के विशेषज्ञों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
