सीधी: जिले के सिहावल में दो डॉक्टरों के इंकार के बाद डॉ. रिकेश शर्मा को मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गुरुवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बबिता खरे ने जिला चिकित्सालय सीधी में पदस्थ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रिकेश शर्मा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिहावल का बीएमओ नियुक्त किया है। उन्हें यह अतिरिक्त प्रभार उनके वर्तमान पद के साथ अगले आदेश तक सौंपा गया है। यह निर्णय प्रशासनिक कार्य सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। आदेश में आयुक्त, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा भोपाल से कार्योत्तर अनुमोदन की प्रत्याशा भी व्यक्त की गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
दरअसल, सिहावल बीएमओ का पद पिछले कुछ समय से विवादों में था। इससे पहले डॉ. राम भूषण पटेल को यह जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए पद ग्रहण नहीं किया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने डॉ. कपिल कुमार सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपने का प्रयास किया, किंतु उन्होंने भी इसे स्वीकार नहीं किया।लगातार दो डॉक्टरों द्वारा जिम्मेदारी लेने से इंकार के बाद स्वास्थ्य विभाग को नया निर्णय लेना पड़ा। इसी क्रम में अब जिला चिकित्सालय सीधी में पदस्थ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रिकेश शर्मा को सिहावल बीएमओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि पूर्व में जारी आदेश प्रभावहीन होने के बाद डॉ. कपिल कुमार सिंह अपनी मूल पदस्थापना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमरपुर में पूर्ववत पदीय दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
