बैतूल की तस्वीर बदलेगा मेडिकल कॉलेज, मुलताई का नाम बदल कर मुलतापी करने का ऐलान

बैतूल। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने बैतूल में 338 लाख रुपए की लागत से पीपीपी मोड से बनने वाले के मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले समय में मेडिकल कॉलेज बैतूल जिले की तस्वीर और तकदीर बदल देगा। मैं इसके लिए बैतूल जिले की जनता को बधाई देता हूं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मुलताई का नाम बदलकर मुलतापी करने की भी घोषणा की।

पुलिस ग्राउंड में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि जेपी नड्डा ने रिमोट का बटन दबाकर मेडिकल कॉलेज का औपचारिक शिलान्यास किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने की। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, जिले के प्रभारी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर नड्डा ने कहा हमारा लक्ष्य सिर्फ बीमार को ठीक करना नहीं है। हमारा लक्ष्य कोई बीमार नहीं पड़े इसको साधना है।

बैतूल-मुलताई में उद्योगों को बढ़ावा देने बनेंगे क्लस्टर : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ ़मोहन यादव ने कहा कि जनकल्याण और बदलते दौर में मोदी सरकार हर परिवर्तन कर रही है। भोपाल में मेट्रो ट्रेन की शुरुआत इसका बेहतर उदाहरण है। प्रधानमंत्री के प्रयासों से प्रदेश में उद्योग बढ़ाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी महानायकों के लिए पूरे प्रदेश में संग्रहालय बनाए जा रहे हैं। ऐसा संग्रहालय बैतूल में भी बनाया जाएगा। उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार की मांग पर पवित्र नगरी मुलताई का नाम मुलतापी करने की घोषणा की। बैतूल विधायक के अनुरोध पर उन्होंने गुड़ का उत्पादन बढ़ाने के लिए क्लस्टर बनाने की घोषणा की।

जिले के इतिहास में स्वर्णिम अवसर : उइके

क्षेत्रीय सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि जिले के इतिहास में यह स्वर्णिम अवसर है, जब बैतूल में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के प्रयासों से चिकित्सा महाविद्यालय की सौगात मिली है। इसके लिए उन्होंने पूरे जिले के लोगों की ओर से आभार माना।

चिकित्सा क्षेत्र में बैतूल की बड़ी छलांग : खंडेलवाल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और स्थानीय विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि इतिहास में यह दिन हमेशा याद रखा जाएगा। अब हमारे आदिवासी भाइयों और लोगों को इलाज के महानगर जाने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा अब यही पर 600 बेड के अस्पताल में सभी बीमारियों का इलाज संभव होगा। यह चिकित्सा के क्षेत्र में जिले की बड़ी छलांग है।

Next Post

एवरग्रीन डीलकाम की 64 करोड़ रुपये की भूमि पर रोक

Tue Dec 23 , 2025
जबलपुर। साउथ सिविल लाइन्स की एवरग्रीन डीलकाम प्राइवेट लिमिटेड की कजरवारा स्थित 2.900 हेक्टेयर भूमि (कुल कीमत 63.80 करोड़ रुपये) के विक्रय, दान या अन्य हस्तांतरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। अतिरिक्त तहसीलदार राँझी ने भू-राजस्व की राशि न चुकाने पर कुर्की वारंट जारी किया। कलेक्टर […]

You May Like