
सीधी । घर के छत में रात को सो रही किशोरी का अपहरण कर गैंग रेप करने का मामला सामने आया है। मानवता को शर्मसार कर देने वाली इस वारदात के सामने आने पर कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जबकि दो फरार है। आरोपियों ने इस घिनौनी वारदात को उस वक्त अंजाम दिया जब पीड़िता अपने घर की छत में सो रही थी और घर में उसकी मां और छोटी बहन सो रही थी। मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना 2 मई की रात 10 बजे की है। भीषण गर्मी के कारण पीड़िता छत में सोई हुई थी। रात के सन्नाटे का फायदा उठाते हुए जितेंद्र यादव उर्फ प्रिंस और सुनील यादव छत पर आये। जितेंद्र पूर्व परिचित होने से किशोरी को जगाकर साथ चलने को कहा। इंकार करने पर दोनों मुंह दबाकर मोटरसाइकिल से ग्राम कोल्हुआ खेत में ले गये। यहां सुनील यादव ने फोन कर अपने साथी ललन साहू को भी बुला लिया। गैंगरेप के बाद ललन साहू ने पत्थर से पीड़िता के सिर पर प्रहार किया जिससे सिर के दाहिने तरफ चोट आई। फिर आरोपियों ने पीड़िता को उसके घर के पास छोड़ दिया।
मां को सुनाई आपबीती, पुलिस में मामला दर्ज
पीड़िता के सिर में चोंट लगने पर मां ने जब पूंछा तो इस खौफनाक मंजर की जानकारी दी। घटना सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। बिना देर किए मां और परिजन किशोरी को लेकर 3 मई को कोतवाली थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। मामला पंजीबद्ध कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने विवेचना तेज कर दी है। तीनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 140 (4) , 70 (2) , 115 (2) , 351 (3) बीएनएस, 5 जी, 6 लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 , 3 (1) (डब्ल्यू) (आई आई) , 3 (2) (व्ही) , 3(2) (व्हीए) एससी/एसटी एक्ट के तहत अपराध पंजीवद्व किया।
इनका कहना है-
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है, जो कि नाबालिग (विधि विरुद्ध बालक) है। घटना में शामिल दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
अभिषेक उपाध्याय, थाना प्रभारी कोतवाली
