युवा कलाकारों के सरप्राइज़ से भावुक हुए मनीष वाधवा

मुंबई, 23 जून (वार्ता) सोनी सब के पौराणिक धारावाहिक हस्तिनापुर के वीर में भीष्म पितामह की भूमिका निभा रहे अभिनेता मनीष वाधवा युवा कलाकारों की ओर से मिले विशेष सरप्राइज़ से भावुक हो गए। फादर्स डे के अवसर पर शो के बाल कलाकारों ने उन्हें हाथ से बने कार्ड्स, चॉकलेट्स और खूबसूरत बुके भेंट कर सम्मानित किया। धारावाहिक में जहां मनीष वाधवा युवा पांडवों और कौरवों के मार्गदर्शक और संरक्षक की भूमिका निभाते नजर आते हैं, वहीं वास्तविक जीवन में भी उनका युवा कलाकारों के साथ बेहद आत्मीय रिश्ता है। सेट पर बच्चे उन्हें एक मेंटर और पितातुल्य व्यक्तित्व के रूप में देखते हैं।
फादर्स डे को यादगार बनाने के लिए बाल कलाकारों ने उनके लिए खास सरप्राइज़ की योजना बनाई। बच्चों के इस स्नेहपूर्ण उपहार ने मनीष वाधवा को भावुक कर दिया। शूटिंग के दौरान कलाकारों के बीच विकसित हुई आत्मीयता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई बच्चे उन्हें ऑफस्क्रीन भी प्यार से ‘पितामह’ और ‘दादू’ कहकर पुकारते हैं।

इस अवसर पर मनीष वाधवा ने कहा, “यह बच्चों की तरफ़ से इतना प्यारा सरप्राइज़ था कि सचमुच मेरा दिन बन गया। उन्होंने मुझे हाथ से बने कार्ड्स, चॉकलेट्स और फूल दिए। इन उपहारों से ज्यादा खास उनके पीछे छिपा प्यार और अपनापन था। ये बच्चे बेहद प्रतिभाशाली, ईमानदार और सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर हैं। हम सेट पर काफी समय साथ बिताते हैं और इसी दौरान हमारे बीच एक बेहद खूबसूरत रिश्ता बन गया है।” उन्होंने कहा, “कई बच्चे मुझे ऑफस्क्रीन ‘पितामह’ या ‘दादू’ बुलाते हैं, जो हमेशा मेरे चेहरे पर मुस्कान ले आता है। इन बच्चों के साथ काम करना मेरे लिए बेहद सुखद अनुभव है और मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं कि उनके साथ यह सफर साझा कर रहा हूं। भगवान इन सभी को आशीर्वाद दें।” शो ‘हस्तिनापुर के वीर’ महाभारत काल के पांडवों और कौरवों के प्रारंभिक जीवन की कहानी को दर्शाता है। यह धारावाहिक सोनी सब पर सोमवार से शनिवार रात नौ बजे प्रसारित किया जाता है।

.....

Next Post

शराब पीने से टोका तो पत्नी पर ईंट से हमला

Tue Jun 23 , 2026
इंदौर: एरोड्रम थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुरा इलाके में रोज-रोज शराब पीकर घर आने और कलह करने से मना करने पर एक कलयुगी पति ने अपनी ही पत्नी के सिर पर ईंट दे मारी. जब बेटियां मां को बचाने आईं, तो आरोपी उन्हें भी मारने दौड़ा. खून से लथपथ पीड़िता की […]

You May Like