
सीधी। बहरी थाना पुलिस ने दो महिला तस्कर गिरफ्तार करते हुए 2.224 किलोग्राम अवैध गांजा जप्त किया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बहरी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस ने दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 किलो 224 ग्राम अवैध गांजा जप्त किया है।
दिनांक 04 अगस्त 2026 को थाना बहरी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम देवगवा निवासी ममता साकेत पति लाला साकेत एवं सुनीता साकेत पति लाला साकेत अपने-अपने घरों में अवैध मादक पदार्थ गांजा बिक्री के उद्देश्य से रखे हुए हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी बहरी निरीक्षक राजेश पाण्डेय द्वारा दो पृथक-पृथक पुलिस टीमों का गठन कर ग्राम देवगवा में समन्वित रेड कार्रवाई की गई। तलाशी के दौरान दोनों महिला आरोपियों के घरों से एक-एक किलोग्राम से अधिक अवैध गांजा बरामद हुआ। कुल 2 किलो 224 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 22 हजार है, विधिवत जप्त किया गया। पुलिस ने दोनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत पृथक-पृथक प्रकरण दर्ज किए तथा उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। न्यायालय द्वारा न्यायिक अभिरक्षा के आदेश पारित किए जाने पर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। उक्त कार्रवाई में उपनिरीक्षक समयलाल वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक अविनेश चौधरी, आरक्षक राजकमल सिंह, चैतन्य मिश्रा, प्रभात तिवारी, प्रियंका बेलदार एवं चालक प्रधान आरक्षक शिवकुमार नामदेव का सराहनीय योगदान रहा।
