नयी दिल्ली, 05 अगस्त (वार्ता) सरकार ने कैबिनेट सचिव टी.वी. सोमनाथन को एक साल का सेवा विस्तार दिया है। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने बुधवार को इस संबंध में आदेश जारी किया। इसमें कहा गया है कि समिति ने तमिलनाडू कैडर के 1987 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी श्री सोमनाथन को 30 अगस्त 2026 के बाद एक साल का सेवा विस्तार देना मंजूर किया है।
श्री सोमनाथन 30 अगस्त 2024 से कैबिनेट सचिव के पद पर हैं।
उससे पहले वह प्रधानमंत्री कार्यालय में संयुक्त सचिव और अतिरिक्त सचिव भी रहे थे। कैबिनेट सचिव का पदभार संभालने से ठीक पहले वह वित्त सचिव और व्यय विभाग के सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। कलकत्ता विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में पीएचडी श्री सोमनाथन प्रतिनियुक्ति के आधार पर विश्व बैंक में कॉर्पोरेट मामलों के निदेशक के पद पर भी रहे। उनके पास चार्टर्ड अकाउंटेंट, कॉस्ट अकाउंटेंट और कंपनी सेक्रेटरी की पेशेवर डिग्रियां हैं। उन्होंने हार्वर्ड बिजनेस स्कूल से एग्जिक्यूटिव डेवलपमेंट प्रोग्राम भी किया है।

