इटारसी। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने पार्षद कुंदन गौर के साथ वार्ड क्रमांक 26 के भगतसिंह नगर में विधायक निधि से निर्माणाधीन सड़क कार्य का स्थल निरीक्षण किया। यह सड़क लगभग 147 मीटर लंबाई की है, जिस पर 12 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य जारी है।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर चल रहे कार्य की प्रगति, उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता और सड़क की मोटाई सहित अन्य तकनीकी बिंदुओं की जानकारी ली। उन्होंने इंजीनियरिंग टीम और ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और सड़क का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाए।
अध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं में सुधार नगर पालिका की प्राथमिकता है, और सड़क निर्माण होने से स्थानीय निवासियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। पार्षद कुंदन गौर ने भी बताया कि यह सड़क लंबे समय से निर्माण की प्रतीक्षा में थी, जिसे विधायक निधि से स्वीकृति मिलने पर तेजी से पूरा किया जा रहा है।
