बेंगलुरु, 05 मार्च ( वार्ता) कर्नाटक के तीन टेनिस खिलाड़ियों सृष्टि किरण, पद्मप्रिया रमेश कुमार और पुनीत मनोहर को 29 मार्च से 10 अप्रैल तक श्रीलंका के कोलंबो में होने वाली आईटीएफ एशिया अंडर-14 डेवलपमेंट चैंपियनशिप 2026 फाइनल्स में भारत के प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में एशिया की अग्रणी अंडर-14 प्रतिभाएं प्रतिस्पर्धा करती है। इस बार भारतीय टीम में चार में से तीन स्थान कर्नाटक के खिलाड़ियों ने हासिल किए हैं। सृष्टि किरण और पद्मप्रिया रमेश कुमार लड़कियों की श्रेणी में प्रतिस्पर्धा करेंगी, जबकि पुनीत मनोहर को पंजाब के तनिश नंदा के साथ लड़कों की लाइनअप में नामित किया गया है।
इस अवसर पर कर्नाटक स्टेट लॉन टेनिस एसोसिएशन (केएसएलटीए) के संयुक्त सचिव सुनील यजमान ने कहा, “मैं सृष्टि, पद्मप्रिया और पुनीत को इस शानदार कामयाबी के लिए बधाई देता हूं। कर्नाटक के लिए यह बहुत गर्व की बात है कि हमारे युवा स्टार्स ने अपने अनुशासन और कड़ी मेहनत से राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह बनाई है। मैं उनके कोच और माता-पिता को भी बधाई देता हूं, जिनका लगातार मार्गदर्शन, त्याग और अटूट सहयोग सबसे जरूरी है। हमें यकीन है कि वे कोलंबो में पूरे पक्के इरादे और खासियत के साथ भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।”

