बिजली चोरी पकड़ने गई टीम से झूमाझपटी, महिला अफसर से अभद्रता, गाड़ियों की चाबियां छीनीं, एफआईआर दर्ज

जबलपुर: रांझी थाना अंतर्गत रिछाई में बिजली चोरी और मीटर की जांच करने पहुंची मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की टीम के साथ आरोपी ने न सिर्फ झूमाझपटी की, बल्कि महिला अधिकारी के साथ अभद्रता कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
रांझी पुलिस के अनुसार, शहर संभाग उत्तर के सहायक यंत्री विवेक नेमा और अधारताल-2 वितरण केंद्र की महिला कनिष्ठ यंत्री रूपाली ज्योतिषी अपनी टीम के साथ सुमन नगर मेन रोड रिछाई पहुंचे थे। टीम में आउटसोर्स कर्मचारी मुस्ताक अली, अंकित पटेल, रोहित अहिरवार, आजाद कोल और मयंक मनवारे भी शामिल थे। टीम वहां डी.के. तिवारी और कौशल्या तिवारी के घरेलू व गैर-घरेलू कनेक्शनों के मीटरों की जांच कर रही थी। तभी वहां राघव तिवारी नाम का व्यक्ति आया और अभद्रता करने लगा। आरोपी ने शासकीय कार्य में लगे वाहनों एमपी 20 जेड एल 6973 और एमपी 20 एल बी 3123 की चाबियां जबरदस्ती निकाल लीं। विरोध करने पर उसने महिला जेई और सहायक यंत्री से अभद्रता कर दीं और जान से मारने की धमकी देकर डराने का प्रयास किया।
अफसरों की मीटिंग में घुसकर दी धमकी
आरोपी राघव तिवारी इसके बाद सीधे अधारताल संजय नगर स्थित संभागीय कार्यालय पावर हाउस पहुंच गया। वहां अधीक्षण यंत्री और कार्यपालन यंत्री की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक चल रही थी। आरोपी ने मीटिंग में घुसकर भी वरिष्ठ अधिकारियों के सामने अभद्रता की और खुलेआम अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने की धमकी दी।
दोबारा पकड़ी गई बिजली चोरी
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी राघव तिवारी के परिसर में पहले भी 11 मार्च 2026 को मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली चोरी का मामला दर्ज किया गया था। इस बार आरोपी ने बिना किसी दफ्तरी प्रक्रिया के, गैरकानूनी तरीके से पुराना मीटर हटाकर दूसरा मीटर लगा लिया था और अवैध रूप से बिजली का इस्तेमाल कर रहा था। रांझी पुलिस ने सहायक यंत्री की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

Next Post

दो फील्ड ऑफिसर 7.35 लाख लेकर फरार

Thu Jun 4 , 2026
जबलपुर: भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड की शहपुरा शाखा में बैंक के ही दो संगम मैनेजरों (फील्ड ऑफिसर) ने ग्रामीण महिलाओं से लोन चेक करने के बहाने उनका अंगूठा लगवाया और उनके खातों से 7.35 लाख रुपए पार कर दिए। शहपुरा पुलिस ने ब्रांच मैनेजर की शिकायत पर दोनों आरोपियों के […]

You May Like