श्रेयस तलपड़े सिर्फ बेहतरीन अभिनेता ही नहीं, बल्कि सोच-समझकर कंटेंट गढ़ने वाले क्रिएटर भी हैं। ‘इकबाल’ से पहचान बनाने वाले श्रेयस ने फिल्मों, टीवी और अब ओटीटी में कदम रखा।
बॉलीवुड और मराठी सिनेमा में अपनी मजबूत पहचान बना चुके श्रेयस तलपड़े उन कलाकारों में शामिल हैं, जिन्होंने समय के साथ खुद को ढालते हुए लगातार नए प्रयोग किए। बेहतरीन अभिनय, सटीक कॉमिक टाइमिंग और कंटेंट को लेकर अलग सोच रखने वाले श्रेयस ने एक्टिंग से लेकर ओटीटी तक का सफर तय कर अपनी अलग राह बनाई है।
27 जनवरी 1976 को मुंबई में जन्मे श्रेयस तलपड़े मराठी परिवार से ताल्लुक रखते हैं। अभिनय की ओर उनका झुकाव बचपन से ही था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मराठी थिएटर और टीवी शोज से की। साल 1998 में टीवी सीरियल ‘वो’ में लीड रोल निभाकर उन्होंने घर-घर पहचान बनाई। इसके बाद मराठी टीवी और फिल्मों में उनके काम को सराहा जाने लगा, जिससे उन्हें हिंदी सिनेमा में भी मौके मिलने लगे।
