मास्टरशेफ इंडिया में करिश्मा कपूर ने कपूर खानदान की खाने से जुड़ी विरासत पर बात की। उन्होंने राज कपूर और ऋषि कपूर को याद कर कंटेस्टेंट्स के खाने की तारीफ की।
कपूर खानदान अपनी शानदार पार्टियों और लाजवाब खान-पान के किस्सों के लिए दुनिया भर में मशहूर है। इस परिवार का हर सदस्य अक्सर खाने से जुड़ी अपनी खास यादें साझा करता नजर आता है। अब जब बात स्वाद और विरासत की हो, तो भला ‘मास्टरशेफ इंडिया‘ (MasterChef India) कैसे पीछे रह सकता है? रियलिटी शो के हालिया एपिसोड में बॉलीवुड की ‘लोलो’ यानी करिश्मा कपूर ने बतौर स्पेशल गेस्ट शिरकत की और अपने खानदान के कई दिलचस्प राज खोले।
करिश्मा ने इस दौरान बताया कि कपूर परिवार के लिए खाना केवल पेट भरने का जरिया नहीं, बल्कि भावनाओं और पुरानी यादों का एक अटूट हिस्सा है।
कपूर खानदान की ‘विरासत’ वाली डिशेज
इस खास एपिसोड में कपूर परिवार की पसंदीदा क्लासिक इंडियन डिशेज को सेलिब्रेट किया गया। शो के जज और मशहूर शेफ रणवीर बरार ने कंटेस्टेंट्स के सामने एक कठिन चुनौती रखी। उन्होंने कहा, “डिश की आत्मा और कपूर परिवार की विरासत को बचाते हुए आपको ओरिजिनल फ्लेवर के साथ एक मास्टरशेफ लेवल की क्रिएटिव डिश तैयार करनी है।” कंटेस्टेंट्स ने अपनी पूरी ताकत लगा दी ताकि वे उस स्वाद को फिर से पैदा कर सकें जिसके लिए राज कपूर और ऋषि कपूर जैसे दिग्गज जाने जाते थे।
