
सिंगरौली । जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह द्वारा उठाए गए रेल सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर रेलवे प्रशासन ने कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
बिहार की राजधानी पटना में आयोजित पूर्व मध्य रेल क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक में विधायक ने सिंगरौली स्टेशन के विकास, रेलवे कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा नई ट्रेनों के संचालन सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। रेलवे ने इनमें से कई कार्यों को वर्ष 2025-26 की कार्ययोजना में शामिल कर लिया है, जबकि अन्य प्रस्तावों को संबंधित जोनल रेलवे और रेलवे बोर्ड के समक्ष भेज दिया गया है। रेलवे प्रशासन के अनुसार सिंगरौली रेलवे कॉलोनी में सामुदायिक भवन, आंतरिक सड़कों का निर्माण, खेल मैदान की बाउंड्रीवाल, प्रकाश व्यवस्था, पुलिया निर्माण तथा स्टेशन के सामने स्थित पार्क के सौंदर्यीकरण की योजना तैयार की जा रही है। प्लेटफॉर्म पर यात्री शेड के विस्तार का कार्य भी स्वीकृति मिलने के बाद कराया जाएगा।
विधायक का प्रयास, रेल सुविधाओं का विस्तार
विधायक रामनिवास शाह ने सिंगरौली-भोपाल, सिंगरौली-हजरत निजामुद्दीन, टनकपुर-हावड़ा, धनबाद- अहमदाबाद, अजमेर और पटना के लिए नई ट्रेनों के संचालन, विस्तार एवं नियमितीकरण की मांग प्रमुखता से उठाई। साथ ही सिंगरौली से वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने और कटनी-चौपन पैसेंजर ट्रेन के पुन: संचालन का भी प्रस्ताव रखा। रेलवे प्रशासन ने बताया कि अधिकांश प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को विचारार्थ भेज दिए गए हैं। वहीं पटना-सिंगरौली एक्सप्रेस के भोपाल विस्तार को फिलहाल परिचालन और रेक उपलब्धता के कारण संभव नहीं माना गया है। रेलवे ने यह भी बताया कि स्टेशन पर एटीएम स्थापित करने के लिए कई बार निविदाएं जारी की गईं, लेकिन पात्र आवेदन प्राप्त नहीं होने से कार्य लंबित है। विधायक के प्रयासों के बाद अब सिंगरौली की रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्री सुविधाओं में सुधार को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं।
