
नयी दिल्ली, 18 सितंबर (वार्ता) लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शनिवार को मध्यप्रदेश के इंदौर में शिक्षा व्यवस्था में गड़बड़ी तथा परीक्षाओं के पेपर लीक के खिलाफ अपने अभियान ‘छात्रों की गूंज’ को संबोधित करेंगे। कांग्रेस ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर यह जानकारी देते हुए बताया कि श्री गांधी 19 सितंबर को इंदौर के भारत जोड़ो मैदान में छात्रों की आवाज को बुलंद करेंगे और शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की मांग को लेकर उनके साथ संवाद करेंगे।
पार्टी ने कहा कि पेपर लीक, परीक्षा में अनियमितताओं, महंगी शिक्षा और अवसरों की कमी से छात्र प्रभावित हो रहे हैं तथा ‘छात्रों की गूंज’ के माध्यम से उनकी समस्याओं और सुझावों को सामने लाया जा रहा है। श्री गांधी ने इससे पहले 17 जून को राजस्थान के कोटा से ‘छात्रों की गूंज’ अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद 17 जुलाई को देहरादून और आठ अगस्त को प्रयागराज में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जबकि 22 अगस्त को पुणे में छात्राओं के लिए विशेष कार्यक्रम किया गया था।
