
छतरपुर। सावन के पवित्र महीने में बागेश्वर धाम से बुंदेलखंड के प्रसिद्ध जटाशंकर धाम के लिए भव्य कांवड़ यात्रा रवाना हुई। एकादशी के अवसर पर दर्जनों ग्रामीणों ने कांवड़ उठाकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने का संकल्प लिया।
यात्रा का शुभारंभ बागेश्वर धाम स्थित प्राचीन माता मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुआ। कांवड़िए भगवा ध्वज लेकर और कंधों पर कांवड़ उठाकर हर-हर महादेव व जय श्रीराम के जयकारे लगाते हुए रवाना हुए। डीजे पर बज रहे शिव भजनों से माहौल भक्तिमय हो गया।
दो दिवसीय यात्रा के दौरान पहले दिन कांवड़िए अमरोनिया गांव स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर पहुंचेंगे, जहां रात्रि विश्राम होगा। सावन के दूसरे सोमवार की सुबह यात्रा दोबारा शुरू होकर शाम तक जटाशंकर धाम पहुंचेगी।
जटाशंकर धाम पहुंचने के बाद कांवड़िए पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। इसके साथ ही श्रद्धालु महादेव के दरबार में अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए अर्जी और विशेष प्रार्थना करेंगे।
