इंदौर:रेडीमेड कपड़ा कारोबारियों से 1.70 करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में क्राइम ब्रांच ने फरार चल रहे एक आरोपी को हैदराबाद के चारमीनार से गिरफ्तार किया है. आरोपी पर अकेले 40 लाख का माल लेकर भुगतान नहीं करने का आरोप है. उसे ट्रांजिट रिमांड पर इंदौर लाकर पूछताछ की जा रही है.मार्च 2025 में राजवाड़ा क्षेत्र के 16 रेडीमेड कपड़ा कारोबारियों ने शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया था कि दलाल अशोक गोपलानी और उसके साथी कार्तिक ने खुद को बाहरी बड़ी कपड़ा फर्मों से जुड़ा बताकर उनका भरोसा जीता.
दोनों ने 30 से 45 दिन में भुगतान का भरोसा दिलाकर मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु, राजस्थान और तेलंगाना की विभिन्न फर्मों को उधार में माल भिजवाया. इसी दौरान हैदराबाद की रॉयल क्रिएशन के 52 वर्षीय संचालक मोहम्मद अकरम निवासी याकूतपुरा, चारमीनार ने करीब 40 लाख का रेडीमेड गारमेंट्स और ड्रेस मटेरियल लिया, लेकिन तय समय पर भुगतान नहीं किया. बाद में आरोपी और उसके साथियों ने भुगतान के नाम पर टालमटोल शुरू कर दी और फिर मोबाइल बंद कर फरार हो गए. व्यापारी जब हैदराबाद पहुंचे तो बताए गए पते पर कोई व्यवस्थित कारोबार नहीं मिला.
बिल, टैक्स इनवॉइस, ई-वे बिल, परिवहन दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड की जांच के बाद क्राइम ब्रांच ने केस दर्ज किया था. जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से व्यापारियों का विश्वास जीतकर करीब 1.70 करोड़ का माल विभिन्न फर्मों के जरिए मंगवाया और भुगतान किए बिना फरार हो गए. मामले में पहले ही तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. फरार चल रहे मोहम्मद अकरम की तलाश में क्राइम ब्रांच की टीम को हैदराबाद भेजा. तकनीकी इनपुट और मुखबिर की सूचना के आधार पर याकूतपुरा क्षेत्र में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया. स्थानीय अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद आरोपी को इंदौर लाया गया.
अन्य अरोपियों की तलाश जारी है…
आरोपी ने इंदौर के कपड़ा कारोबारियों से करीब 40 लाख का माल लेने के बाद भुगतान नहीं किया था. पूछताछ में गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, संबंधित फर्मों और वित्तीय लेन देन की जानकारी जुटाई जा रही है. मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है.
डीसीपी क्राइम राजेश कुमार त्रिपाठी
