इंदौर: हीरा नगर थाना क्षेत्र के सुंदर नगर में जन्मदिन की पार्टी के दौरान शराब के नशे में पति ने पत्नी पर बीयर की खाली बोतल से हमला कर दिया. सिर में बोतल लगने से महिला घायल हो गई और खून बहने लगा. शोर सुनकर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर महिला को बचाया.सुंदर नगर निवासी पलक नंदनवार के पति गुलशन नंदनवार का जन्मदिन था. घर पर मेहमान आए हुए थे. पलक पीछे वाले कमरे में मेहमानों के लिए खाना बना रही थी, जबकि गुलशन मेहमानों के साथ शराब पी रहा था.
इसी दौरान पलक की सहेली पूजा वहां से जाने लगी तो पलक भी उसके साथ जाने के लिए उठी. यह बात गुलशन को नागवार गुजरी। उसने शराब के नशे में पत्नी से गाली गलौज शुरू कर दी. पलक ने विरोध किया तो गुलशन ने बीयर की खाली बोतल उठाकर उसके सिर पर मार दी. हमले में पलक के सिर में गंभीर चोट आई और खून निकलने लगा. उसकी चीख पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने बीच बचाव किया. बाद में महिला ने हीरा नगर थाने पहुंचकर शिकायत की, जिस पर पुलिस ने पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
