नेत्रहीन छात्र की डूबने से मौत का मामला, प्रभारी प्राचार्य को हटाया

जबलपुर: अमरकंटक में स्टडी टूर के दौरान नेत्रहीन छात्र की डूबने से हुई मौत के मामले में कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने कार्रवाई करते हुए शासकीय राज्य अपंग कल्याण संस्थान के प्रभारी अधीक्षक शिवेन्द्र सिंह परिहार को उनके दो पदों से हटा दिया है। दरअसल 22 फरवरी को महाकौशल कॉलेज के एमए के छात्र शिरीष नामदेव (25) की अमरकंटक में टूर के दौरान डूबने से मौत हो गई थी। बताया गया कि शहर से कुछ दिव्यांग छात्रों को स्टडी टूर के नाम पर अमरकंटक ले जाया गया था, जहां यह हादसा हो गया।

घटना के बाद नेत्रहीन छात्रों ने प्रभारी अधीक्षक शिवेन्द्र सिंह परिहार पर आरोप लगाया था कि वे मनमानी करते हुए छात्रों को पिकनिक के लिए ले गए थे। परिहार शासकीय दृष्टिबाधितार्थ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रभारी प्राचार्य भी थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने उन्हें दोनों पदों से हटा दिया है। उनके स्थान पर व्याख्याता सुरेशचंद्र यादव को प्रभारी प्राचार्य की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि शिवशंकर कपूर को आहरण-संवितरण का कार्य सौंपा गया है। वहीं अतुल लखेरा को प्रशासनिक वार्डन नियुक्त किया गया है।

Next Post

25 से अधिक ई-चालान वालों को मिलेगा नोटिस

Mon Mar 9 , 2026
जबलपुर: शहर में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। जिसके चलते स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन द्वारा लगाए गए आईटीएमएस कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के ई-चालान […]

You May Like