जबलपुर: शहर में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। जिसके चलते स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन द्वारा लगाए गए आईटीएमएस कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के ई-चालान जारी किए जा रहे हैं। प्रशासन के अनुसार कई वाहन चालक लगातार नियम तोड़ने के बाद भी शमन शुल्क जमा नहीं कर रहे हैं।
इसे गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देशन में स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने ऐसे वाहन चालकों की सूची क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) को भेजी है, जिनके खिलाफ 25 या उससे अधिक बार ई-चालान जारी किए जाएंगे, आरटीओ इस सूची के आधार पर संबंधित वाहन मालिकों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया या बिना उचित कारण के जवाब नहीं मिला, तो नियमानुसार ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन या निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
जनवरी में 84, फरवरी में 60 के लाइसेंस निलंबित
यातायात पुलिस के प्रस्ताव पर जनवरी माह में 84 तथा फरवरी में 60 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस तीन माह के लिए निलंबित किए जा चुके हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के साथ शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
